सफाई अभियान के माध्यम से जल संरक्षण का संदेश
ग्वालियर, 10 अप्रैल।
योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के अंतर्गत जन अभियान परिषद ग्वालियर से संबद्ध नवांकुर संस्था सफल युवा मंडल द्वारा जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत तिगरा रोड स्थित देवखो में स्थित झरने पर सफाई अभियान चलाया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत झरने के आसपास में साफ-सफाई कर जल स्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया। स्वयंसेवकों द्वारा आमजन को यह समझाया गया कि जल स्रोतों को स्वच्छ रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर सफल युवा मंडल के अध्यक्ष अरविंद कुशवाह द्वारा कार्यक्रम का संचालन किया गया। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता ही जल संरक्षण का पहला कदम है। यदि हम अपने आसपास के जल स्रोतों को स्वच्छ रखेंगे, तभी शुद्ध जल की उपलब्धता सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे जल की बर्बादी न करें और जल स्रोतों को स्वच्छ बनाए रखने में अपना योगदान दें।
इस अवसर पर समाजसेवी महेंद्र सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए एक आवश्यक एवं प्रेरणादायक पहल बताया।
कार्यक्रम में सफल युवा मंडल के सदस्य एवं वालंटियर्स अमन कुशवाह, जितेंद्र, योगेश, गोलू, विशाल, अभिषेक, दिनेश आदि उपस्थित रहे।




