शहीद दिवस पर संगोष्ठी, पदयात्रा एवं स्वच्छता अभियान आयोजित


ग्वालियर, 23 मार्च 2026। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत ग्वालियर से संबद्ध सफल युवा मंडल द्वारा शहीद दिवस के अवसर पर गुरुकुल विद्या मंदिर स्कूल, झंडा का पुरा तिघरा रोड, ग्वालियर में संगोष्ठी, पदयात्रा एवं स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्राचार्य श्री सुरेश कुशवाह उपस्थित रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि शहीदों का बलिदान केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि हमारे वर्तमान और भविष्य के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा एवं सेवा भावना को अपने जीवन में अपनाएं। साथ ही उन्होंने कहा कि देश के विकास में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है और स्वच्छता जैसे कार्यों में सक्रिय भागीदारी से ही सशक्त भारत का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष अरविंद कुशवाह ने की। उन्होंने युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक रहने और स्वच्छता को अपनाने की प्रेरणा दी। इस दौरान पदयात्रा निकालकर स्वच्छता का संदेश दिया गया एवं सफाई अभियान भी चलाया गया।
कार्यक्रम में शिक्षक रूपाली भाटी, नीतू कुशवाह, व्यवस्थापक विशाल सहित चमन, योगेश, राम, मोनू एवं अन्य स्वयंसेवकों की उपस्थिति रही। अंत में सभी ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर राष्ट्र सेवा का संकल्प लिया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top