ग्वालियर मेरा युवा भारत के अंतर्गत बजट क्विज 2026 की जानकारी, छात्राओं को विस्तार से किया गया अवगत
12 फरवरी 2026 ग्वालियर। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat) ग्वालियर से संबद्ध सफल युवा मंडल द्वारा दिनांक 12 फरवरी 2026 को केआरजी कॉलेज, ग्वालियर में बजट क्विज 2026 के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
कार्यक्रम का संचालन सफल युवा मंडल के अध्यक्ष श्री अरविंद कुशवाह द्वारा किया गया। अपने उद्बोधन में उन्होंने कहा कि बजट केवल सरकार का आर्थिक दस्तावेज नहीं है, बल्कि यह युवाओं के सपनों, महिलाओं के सशक्तिकरण और देश के विकास की दिशा तय करने वाला महत्वपूर्ण माध्यम है। युवाओं को चाहिए कि वे बजट की जानकारी रखें और ऐसी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी बौद्धिक क्षमता का विकास करें।
कार्यक्रम में विशेष रूप से समस्त छात्राओं को भारत सरकार के वार्षिक बजट, आर्थिक नीतियों, महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं स्वरोजगार से संबंधित प्रावधानों के बारे में विस्तारपूर्वक समझाया गया। छात्राओं को बताया गया कि बजट देश की प्राथमिकताओं और विकास की रूपरेखा को निर्धारित करता है।
इस अवसर पर बाल कल्याण समिति की सदस्य श्रीमती मंजू भदोरिया, सीआईडी संस्था के समन्वयक श्री राजेंद्र सोनी, महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. साधना श्रीवास्तव, श्रीमती सुधा कुशवाहा, श्रीमती अर्चना सेन तथा महिला एवं बाल विकास विभाग से श्री राहुल शर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
सभी अतिथियों ने छात्राओं को बजट क्विज 2026 में अधिक से अधिक भाग लेने हेतु प्रेरित किया तथा बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं युवाओं में जागरूकता, तार्किक सोच, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्रीय विषयों के प्रति समझ विकसित करती हैं। कार्यक्रम के दौरान बजट क्विज 2026 में पंजीयन प्रक्रिया, पात्रता, प्रतियोगिता के चरण एवं पुरस्कार संबंधी जानकारी भी विस्तार से दी गई। उपस्थित छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता दिखाई। अंत में सफल युवा मंडल द्वारा सभी छात्राओं से अपील की गई कि वे इस अवसर का लाभ उठाकर प्रतियोगिता में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें और अन्य विद्यार्थियों को भी प्रेरित करें।





