झंडा का पुरा में खेल महोत्सव का भव्य समापन — विजेताओं व अतिथियों का हुआ सम्मान

झंडा का पुरा में खेल महोत्सव का भव्य समापन — विजेताओं व अतिथियों का हुआ सम्मान
ग्वालियर, 14 फरवरी 2026।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat), ग्वालियर से संबद्ध सफल युवा मंडल द्वारा ग्राम झंडा का पुरा में आयोजित खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का उत्साहपूर्ण वातावरण में समापन हुआ। दो दिवसीय इस आयोजन में क्षेत्र के युवाओं ने खेल भावना, अनुशासन एवं उत्साह का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
समापन समारोह के मुख्य अतिथि के रूप में श्री कृष्णपाल सिंह कुशवाह (समाजसेवी) उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि ग्रामीण प्रतिभाओं को यदि उचित मंच और मार्गदर्शन मिले तो वे उच्च स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। युवाओं को निरंतर अभ्यास, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री शिवराम सिंह कंसाना, थाना प्रभारी तिघरा उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और उन्हें अनुशासित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा प्रदान करते हैं। ऐसे आयोजन युवाओं को असामाजिक गतिविधियों से दूर रखते हुए राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने का अवसर देते हैं।
श्री सुरेश कुशवाह (प्राचार्य, गुरुकुल विद्या मंदिर) ने अपने वक्तव्य में शिक्षा और खेल के संतुलन पर बल देते हुए कहा कि “विद्यार्थियों को खेल और पढ़ाई दोनों में संतुलन बनाकर चलना चाहिए, तभी उनका सर्वांगीण विकास संभव है।”
श्री मयूर गौतम (प्राचार्य, माधव विद्या मंदिर) ने युवाओं को अनुशासन और टीम भावना को जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन सफल युवा मंडल के अध्यक्ष श्री अरविंद कुशवाह द्वारा किया गया। उन्होंने कहा कि खेलों का जीवन में अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। युवाओं को खेलों के साथ-साथ पढ़ाई पर भी समान रूप से ध्यान देना चाहिए। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार की युवा एवं खेल संबंधी योजनाओं की जानकारी भी दी।
प्रतियोगिता में आयोजित वॉलीबॉल, रस्सा खींच (पुरुष एवं महिला वर्ग), दौड़ (पुरुष एवं महिला वर्ग) तथा गोला फेंक (पुरुष एवं महिला वर्ग) के विजेताओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। साथ ही कार्यक्रम में पधारे मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
इन्होंने जीता पुरस्कार
प्रतियोगिताओं में दौड़ पुरुष वर्ग में प्रथम शिव कुशवाहा, द्वितीय सूरज गुर्जर, तृतीय संदीप बघेल रहे। दौड़ महिला वर्ग में प्रथम कल्पना बघेल, द्वितीय संध्या बघेल, तृतीय पूनम गुर्जर रहीं।
गोला फेंक महिला वर्ग में प्रथम मेनका कुशवाहा, द्वितीय आसन बघेल, तृतीय काजल गुर्जर रहीं, जबकि पुरुष वर्ग में प्रथम विष्णु यादव, द्वितीय विशाल कुशवाह, तृतीय सूरज गुर्जर रहे।
रस्सा-कस्सी विजेता टीम में नंदिनी बघेल, पूनम बघेल, पायल कुशवाहा, मुस्कान गुर्जर, आसन बघेल, मोहिनी बघेल, शिवानी शिवा, शिवानी यादव शामिल रहीं। उपविजेता टीम में प्रियंका कुशवाहा, फूलवती, रेनू, काजल, स्नेहा, लव, इशा, मुस्कान, मेनका रहीं।
वॉलीबॉल पुरुष वर्ग विजेता टीम में अभिषेक बघेल, अरुण बघेल, बृजेश पाल, हेमंत बघेल, रिंकू सिंह, कोमल माहौर, विकास गुर्जर शामिल रहे। उपविजेता टीम में ध्यानेंद्र पाल, हेमंत कुशवाह, भोलू, अनुराग, अमन, विवेक, विकास शामिल रहे।
कार्यक्रम के व्यवस्थापन में निखिल कुशवाह, सोनू मांझी, लक्ष्मण सिंह, गोलू, योगेश, विशाल एवं चमन का विशेष सहयोग रहा।
अंत में सफल युवा मंडल द्वारा सभी अतिथियों, खिलाड़ियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। यह आयोजन ग्रामीण क्षेत्र में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top