ग्वालियर के ऐतिहासिक वैभव से रूबरू हुए पंजाब के युवा, गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ साहिब में की सेवा

ग्वालियर के ऐतिहासिक वैभव से रूबरू हुए पंजाब के युवा, गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ साहिब में की सेवा

ग्वालियर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के मेरा युवा भारत (माय भारत) केंद्र, ग्वालियर द्वारा अंतरराज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम के दूसरे दिन प्रतिभागियों ने ग्वालियर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों का अवलोकन किया। पंजाब से आए युवाओं ने शहर की समृद्ध विरासत को करीब से देखा और स्थानीय संस्कृति को आत्मसात किया।
योग से हुई दिन की शुरुआत
कार्यक्रम के दूसरे दिन की शुरुआत प्रातः 6 बजे ऊर्जावान मॉर्निंग वॉक एवं योगाभ्यास के साथ हुई। पंजाब से आईं महिला एस्कॉर्ट हेड एवं योग प्रशिक्षिका सारिका ने युवाओं को विभिन्न योग आसनों का अभ्यास कराया। स्वस्थ जीवनशैली के संदेश के साथ प्रतिभागियों ने दिनभर की गतिविधियों के लिए स्वयं को ऊर्जावान बनाया।

ग्वालियर किले का भ्रमण
नाश्ते के पश्चात सभी प्रतिभागियों ने ऐतिहासिक ग्वालियर किला का भ्रमण किया। इस दौरान युवाओं ने मानसिंह महल, बारहखंबा, संग्रहालय, सहस्त्रबाहु मंदिर (सास‑बहू मंदिर) तथा तेली का मंदिर जैसे प्रसिद्ध स्मारकों का अवलोकन किया। विशेषज्ञों एवं गाइड के माध्यम से युवाओं को इन ऐतिहासिक धरोहरों के गौरवशाली इतिहास एवं स्थापत्य कला की विस्तृत जानकारी दी गई।

गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ साहिब में सेवा
ऐतिहासिक स्थलों के भ्रमण के पश्चात प्रतिभागियों ने पवित्र गुरुद्वारा दाता बंदी छोड़ साहिब में मत्था टेका। यहाँ युवाओं ने लंगर प्रसाद ग्रहण करने के साथ-साथ सेवा भाव का परिचय देते हुए जूठे बर्तन साफ करने एवं परिसर की साफ-सफाई में भी सहयोग किया। चंडीगढ़ से आए प्रतिभागी इंद्रजीत ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि माय भारत कार्यक्रम के माध्यम से उन्हें ग्वालियर आने और दाता बंदी छोड़ साहिब के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ तथा किले के भ्रमण ने उन्हें भारत की समृद्ध विरासत पर गर्व का अनुभव कराया।

अनुभव साझा करने के साथ संपन्न हुआ दिन
दिनभर की गतिविधियों के बाद शाम को अनुभव साझा सत्र आयोजित किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने दिनभर सीखी गई बातों एवं ऐतिहासिक तथ्यों पर चर्चा की। इस पूरे आयोजन को सफल बनाने में रूबी निदेशक , रूबी एडवेंचर स्पोर्ट्स एकेडमी, सफल युवा मंडल के अध्यक्ष अरविंद कुशवाह, ज्योतिपुंज युवा मंडल अध्यक्ष मनीष अंभ, सोनू खटीक, निखिल कुशवाह, कौशल शर्मा, अभिषेक, संजू, राहुल एवं अन्य स्वयंसेवकों का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम के तीसरे दिन प्रतिभागी सूर्य मंदिर ग्वालियर तथा शहर के औद्योगिक क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top