झंडा का पुरा में गूंजा युवाओं का जोश — खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
ग्वालियर, 13 फरवरी 2026।
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत संचालित मेरा युवा भारत (MY Bharat), ग्वालियर से संबद्ध सफल युवा मंडल द्वारा ग्राम झंडा का पुरा में खंड स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ किया गया। ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं में कार्यक्रम को लेकर विशेष उत्साह एवं ऊर्जा देखने को मिली।
इस प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, रस्सा खींच (पुरुष एवं महिला वर्ग), दौड़ (पुरुष एवं महिला वर्ग) तथा गोला फेंक (पुरुष एवं महिला वर्ग) जैसी प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं, जिनमें बड़ी संख्या में युवाओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्राचार्य श्री सुरेश कुशवाह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन सफल युवा मंडल के अध्यक्ष श्री अरविंद कुशवाह द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “ग्रामीण प्रतिभाओं को उचित मंच मिलने से ही क्षेत्र का सर्वांगीण विकास संभव है। खेल युवाओं को अनुशासन, नेतृत्व और आत्मविश्वास प्रदान करते हैं। सफल युवा मंडल सदैव युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।”
कार्यक्रम व्यवस्थापक के रूप में श्री निखिल कुशवाह (पूर्व नेशनल यूथ वॉलिंटियर), राहुल गुर्जर, आकाश कुशवाह ‘गोलू’, विशाल, चमन, योगेश सहित अन्य साथियों ने सक्रिय सहयोग प्रदान कर आयोजन को सफल बनाया।
प्रतियोगिता का समापन समारोह कल आयोजित होगा, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री श्री नारायण सिंह कुशवाह के सुपुत्र श्री कृष्ण पाल सिंह (समाजसेवी) उपस्थित रहेंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में थाना प्रभारी श्री शिवराम कंसाना शामिल होंगे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता मेरा युवा भारत, ग्वालियर के जिला युवा अधिकारी श्री आशुतोष साहू करेंगे।
खंड स्तरीय इस खेल महोत्सव ने ग्रामीण अंचल में खेल भावना को नई ऊर्जा प्रदान की है।





