ग्वालियर, 1 अगस्त
युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat) से संबद्ध सफल युवा मंडल द्वारा पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शासकीय आदर्श विज्ञान महाविद्यालय (साइंस कॉलेज), ग्वालियर में एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधारोपण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. बी.पी.एस. जादौन ने कहा कि पेड़ लगाना सिर्फ हमारा कर्तव्य नहीं बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए जीवनदान है। प्रत्येक नागरिक को इस दिशा में अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।
विशिष्ट अतिथि एवं कार्यक्रम अध्यक्ष राजू कुशवाह, संचालक आधुनिक नालंदा निशुल्क MPPSC कोचिंग, ने अपने संबोधन में कहा कि हर व्यक्ति यदि एक पौधा लगाए और उसकी देखरेख का संकल्प ले, तो हम पर्यावरण संरक्षण में बड़ा योगदान दे सकते हैं।
कार्यक्रम का संचालन सफल युवा मंडल के अध्यक्ष अरविंद कुशवाह ने किया। उन्होंने पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित सभी लोगों को पर्यावरण संरक्षण और वृक्षों की देखभाल का शपथ दिलाई।
साथ ही उन्होंने अपने जन्मदिन के अवसर पर एक पौधा लगाकर यह संदेश दिया कि जीवन के हर खास दिन को हरियाली के नाम किया जाए।
इस अवसर पर डॉ. सीमा शर्मा, एस.एस. सेंगर, आर.के. खरे, डी.पी. शर्मा, अनीश पांडे, गरिमा शर्मा, सुनील शर्मा, रामपाल सिंह और चमन कुशवाह सहित कई गणमान्य नागरिक एवं शिक्षाविद उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पौधे रोपे और हरियाली बचाने का संकल्प लिया।
सफल युवा मंडल का उद्देश्य ऐसे अभियानों के माध्यम से समाज में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को हरित भविष्य के लिए प्रेरित करना है।






