अंतरराज्यीय युवा आदान प्रदान कार्यक्रम का भव्य समापन

अंतरराज्यीय युवा आदान प्रदान कार्यक्रम का भव्य समापन

ग्वालियर। माय भारत केंद्र, ग्वालियर के तत्वाधान में आयोजित पांच दिवसीय ‘अंतरराज्यीय युवा आदान प्रदान कार्यक्रम’ का समापन शुक्रवार को गरिमामय विदाई एवं समापन समारोह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर पंजाब राज्य के 5 जिलों से आए युवाओं ने मध्य प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और आतिथ्य सत्कार की जमकर सराहना की।

मुख्य अतिथि एवं गरिमामयी उपस्थिति
कार्यक्रम के सम्माननीय अतिथि डॉ. यतेंद्र कुमार सिंह (कुलसचिव, एलएनआईपीई ग्वालियर) रहे। विशिष्ट अतिथियों में सुश्री अनुराधा शर्मा (सहायक आयुक्त, वाणिज्यिक कर विभाग, मप्र), श्री अमित कुमार सिंह (एसएसपी, भारतीय डाक सेवा) और श्री राकेश सिंह तोमर (पूर्व राज्य निदेशक, माय भारत केंद्र ग्वालियर) सम्मिलित हुए। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसके पश्चात अतिथियों का स्वागत एस्कॉर्ट्स और प्रतिभागी टीम लीडरों द्वारा किया गया।

पांच दिनों के अनुभवों का साझाकरण
जिला युवा अधिकारी श्री आशुतोष साहू ने पांच दिवसीय कार्यक्रम की विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की। अनुभव साझा करते हुए चंडीगढ़ के एस्कॉर्ट अमित शर्मा ने कहा कि ग्वालियर प्रवास का अनुभव “10 में से 10” रहा। अमृतसर से आए प्रतिभागी इंद्रजीत ने भावुक होते हुए कहा कि मध्य प्रदेश की विविधता और संस्कृति ने उनका मन मोह लिया है।

अतिथियों का संबोधन: “संस्कृति ही जोड़ने का सूत्र है”
अतिथियों ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ की संकल्पना को साकार करते हैं।
डॉ. यतेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि खेल और सांस्कृतिक आदान-प्रदान से युवाओं में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
सुश्री अनुराधा शर्मा ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया।
श्री अमित कुमार सिंह ने देश की विविधताओं को करीब से जानने के महत्व पर प्रकाश डाला।
भावुक क्षण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
समारोह के दौरान पांच दिनों की गतिविधियों पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाई गई, जिसे देख प्रतिभागी भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं। सांस्कृतिक संध्या में शिखा सोनी की टीम ने ‘बाजूबंद’ लोक नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी, वहीं पंजाब की प्रतिभागी गुड़िया वर्मा की प्रस्तुति ने भी सभी का मन जीत लिया।

सम्मान एवं आभार
समारोह के अंत में सभी प्रतिभागियों, सांस्कृतिक दल और आयोजन समिति के सदस्यों को स्मृति चिन्ह, पदक, प्रमाण पत्र और उपहार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में लेखा अधिकारी श्री दिलीप सुमन ने सभी का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम की सफलता में ज्योतिपुंज युवा मंडल के अध्यक्ष मनीष अंभ, सफल युवा मंडल अध्यक्ष अरविंद कुशवाह, सुनीता कुशवाह, निखिल कुशवाह, स्वयंसेवक राहुल शर्मा, कौशल शर्मा, संजू, अभिषेक, सोनू खटीक, नरेश प्रजापति, लक्ष्मी एवं अन्य स्वयंसेवकों का विशेष सहयोग रहा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Scroll to Top